भास्कर न्यूज | अमृतसर सिटी पुलिस ने 2 अंतर्राष्ट्रीय नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक महिला समेत 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है जिनसे 4 किलो हेरोइन बरामद हुई है। आरोपियों की पहचान गांव गुरु की वडाली के रहने वाले विशाल सिंह (23), गांव जठोल के दीदार सिंह उर्फ काली (50), तरनतारन के गांव बुर्ज सराय अमानत खां के सैवनबीर सिंह (25), बाबा दीप सिंह कॉलोनी के हरजीत सिंह उर्फ जीता (38), मोहल्ला चेतूआं के जज सिंह (19) और कपतगढ़ की जसबीर कौर (60) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से एक इनोवा कार भी जब्त की है। यह कार नशे की खेप पहुंचाने में इस्तेमाल हो रही थी। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पहला गिरोह सैवनबीर सिंह चला रहा था जो पाकिस्तानी तस्करों से सीधे संपर्क में था। उसके 2 साथियों विशाल सिंह और दीदार को भी काबू किया गया। इन तीनों आरोपियों से 3 किलो हेरोइन बरामद हुई है। सीपी ने बताया कि सैवनबीर सिंह पिछले 5 साल से बकरियों की खरीद-फरोख्त के धंधे की आड़ में गिरोह चला रहा था। उसने इस दौरान अपने गांव में एक बड़ी कोठी भी बना ली थी। वह अपने गांव के पास ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थ मंगवाता था जो बार्डर के बेहद करीब है। बरामदगी के बाद वह नशा अपने रिश्तेदारों के घरों में छिपाता था। फिर साथियों की मदद से आगे सप्लाई करता था। सरवैन सिंह के खिलाफ थाना घरिंडा में पहले से एक एनडीपीएस एक्ट के तहत पर्चा दर्ज है। विशाल लेबर और दीदार डीजे का काम करता है। दूसरे गिरोह से एक महिला जसबीर कौर को उसके 2 साथियों जीता और जज को एक किलो हेरोइन समेत काबू किया गया है। मेन मास्टरमाइंड जसबीर कौर है। आरोपी जीता के खिलाफ पहले से थाना कंटोनमेंट में एक एनडीपीएस का मामला दर्ज है।