अलवर शहर में दो अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। एक मामले में सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक चोर महज 5 सेकंड में बाइक का लॉक तोड़कर 10 सेकंड के भीतर बाइक लेकर फरार होता दिखाई दे रहा है, जबकि उसका दूसरा साथी थोड़ी दूरी पर खड़ा नजर आ रहा है। पहली घटना थाना अरावली विहार क्षेत्र की है। पीड़ित अवनिश चौधरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 मार्च को सुबह करीब 8:15 बजे वह अपने रिश्तेदार की हीरो एचएफ डिलक्स बाइक को काली मोरी पुल के पास पुराना औद्योगिक क्षेत्र स्थित कंपनी के बाहर खड़ी कर ड्यूटी पर गए थे। शाम करीब 5:15 बजे लौटने पर बाइक गायब मिली। कंपनी के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध नजर आए। एक युवक दूर खड़ा रहा, जबकि दूसरा मुंह पर कपड़ा बांधकर आया और कुछ ही सेकंड में बाइक का लॉक तोड़कर फरार हो गया। सूचना तुरंत 100 नंबर पर दी गई। दूसरी घटना शहर कोतवाली क्षेत्र की है। पीड़ित रोहित ने रिपोर्ट दी कि 1 मार्च की रात करीब 10 बजे अंबेडकर सर्किल के पास से उनकी स्प्लेंडर प्लस चोरी हो गई। बाइक हाल ही में खरीदी गई थी। फिलहाल पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। बता दे की अलवर शहर में हर रोज बाइक चोरी की घटनांए सामने आ रही है लेकिन पुलिस की तरफ से खुलासे नहीं हो पा रहे। कई मामलों में सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद भी इस चोरी गिरोह का पता नहीं लगा पा रही है।


