लुधियाना| मोती नगर पुलिस ने नशा सप्लाई के लिए जा रहे एक तस्कर को रंगे हाथ काबू कर लिया। आरोपी कैंटर में नशे की खेप लेकर जा रहा था। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 5.600 किलोग्राम अफीम और 30 किलो चूरा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। काबू किए गए आरोपी की पहचान जगमेल सिंह उर्फ हैप्पी के रूप में हुई है। वहीं उसके दो साथी तरुणप्रीत सिंह और हैप्पी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। सब-इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी गश्त के दौरान शिव चौक, कैंसर अस्पताल के पास मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ आरोपी आपस में मिलीभगत कर नशा सप्लाई का धंधा कर रहे हैं और एक आरोपी कैंटर में नशा लेकर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर कैंटर को रोका और तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नशा बरामद किया। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।


