50 से अधिक स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर हटाई झाड़ियां, जेसीबी से की गई सफाई

भास्कर न्यूज | चरही शुक्रवार को निर्धारित कार्यक्रम के तहत हजारीबाग के नवनिर्वाचित मेयर अरविंद राणा व नव झारखण्ड फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष किशोरी राणा की अगुवाई में चरही घाटी स्थित हनुमान मंदिर परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान मोरांगी, हजारीबाग और चरही क्षेत्र से पहुंचे लगभग पचास से अधिक स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। अभियान के तहत मंदिर परिसर के आसपास उगी झाड़ियों को हटाने के लिए जेसीबी मशीन की भी मदद ली गई, जिससे परिसर को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाया जा सके। सफाई कार्य पूर्ण होने के बाद मंदिर के पुजारी द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने संयुक्त रूप से आरएसएस की शाखा भी लगाई। कार्यक्रम के दौरान चरही थाना प्रभारी कुन्दन कान्त विमल ने भी मौके पर पहुंचकर स्वच्छता अभियान का अवलोकन किया। मेयर अरविंद राणा ने कहा कि मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोगों की मांग के अनुरूप यहां पेयजल और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसेवा के संकल्प की शुरुआत घाटी स्थित इस ऐतिहासिक मंदिर से की गई है और आगे भी परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए प्रयास जारी रहेंगे। कार्यक्रम में नीलकंठ महतो, उमेश सिंह, मुरारी सिंह, रजनीकांत वर्णवाल, सिकंदर यादव, रणविजय चौहान, महादेव विश्वकर्मा, विप्लव विश्वास, रमेश यादव, सुशांत वर्णवाल, निर्मल ठाकुर, विक्रम सिंह सहित कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि व दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *