500 रुपए के लिए की गई हत्या का आरोपी गिरफ्तार:कोरबा में 10 हजार के इनामी को पुलिस ने बेटी से मिलते समय पकड़ा

कोरबा जिले की पसान पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 500 रुपए को लेकर अपने ही गांव के शख्स की हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी फरार था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना थाना पसान क्षेत्र का है। घटना छेरछेरा पर्व के दिन की है। जानकारी के अनुसार, आरोपी रामसिंह मरपच्ची (45) ग्राम रानीमान का रहने वाला है। रामसिंह ने इसी गांव के कल्याण सिंह (45) को 500 रुपए उधार दिए थे। 500 रुपए को लेकर पीट-पीटकर की हत्या पैसे मांगने पर कल्याण ने नहीं होने की बात कही। इस पर रामसिंह उसके घर तक पहुंच गया। वहां कल्याण ने शराब लाने को कहा। रामसिंह ने पैसों की कमी बताई। इस बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। गुस्से में रामसिंह ने कमरे में रखे डंडे से कल्याण की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह फरार हो गया। बेटी से मिलने आया तो पुलिस ने पकड़ा आरोपी के पास मोबाइल नहीं था। उसके परिजनों को भी उसकी जानकारी नहीं थी। पुलिस की कई दिनों की तलाश के बाद भी सुराग नहीं मिला। फिर विभाग ने उस पर 10 हजार का इनाम घोषित किया। लंबे समय बाद जब वह अपनी बेटी से मिलने आया, तब मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पसान थाना प्रभारी उप निरीक्षक श्रवण विश्वकर्मा ने बताया कि आरोपी को पकड़कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी मरवाही में एक ईंट भट्टी पर काम करता था। वहां ठेकेदार सिर्फ खाना देता था, मजदूरी नहीं देता था। इस वजह से वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *