51 ज्योतों से की महाआरती, नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का संदेश दिया

भास्कर न्यूज | लुधियाना शनिवार को जूही एनक्लेव के निवासियों द्वारा भगवान भोलेनाथ का भव्य शिव विवाह उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। महाशिवरात्रि के पावन उपलक्ष्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान ने पूरे क्षेत्र को शिवमय कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5:30 बजे शिव विवाह की रस्मों के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में मोहल्ला निवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उत्सव का मुख्य आकर्षण रात्रि 9 बजे आयोजित महाआरती रही। हर-हर महादेव महाआरती सेवा संघ के तत्वावधान में भोलानाथ कपूर, संदीप सलूजा, हरीश सिंगला, गायक कुमार शम्मी, डॉ. राजेश अरोड़ा और दीपक सेठी ने विशेष रूप से तैयार की गई 51 ज्योत के साथ भगवान भोलेनाथ की महाआरती की। 51 ज्योतों से भगवान भोलेनाथ की महाआरती करते हुए श्रद्धालु । जैसे ही ढोल-नगाड़ों की थाप और शंखध्वनि के बीच आरती आरंभ हुई पूरा पंडाल हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इस आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय निवासियों ने अद्वितीय एकजुटता दिखाई। आयोजन समिति के अमित भल्ला, दीपक वर्मा, संजीव वर्मा, सुनील शर्मा और बलदेव बवेजा ने अतिथियों का स्वागत किया और व्यवस्था संभाली। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ना और समाज में सुख-शांति की कामना करना है। महाआरती के पश्चात भव्य भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें भक्तों ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने भी शिव भजनों पर झूमकर अपनी आस्था प्रकट की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *