भास्कर न्यूज | बाड़मेर बाड़मेर-जम्मूतवी मालाणी एक्सप्रेस अपने 51 ट्रिप रद्द रहने के बाद सोमवार से पुन: शुरू होगी। इसके साथ ही पठानकोट से जम्मूतवी स्टेशनों के बीच आंशिक रद्द की गई सभी ट्रेनें फिर से जम्मूतवी तक चलना शुरू हो गई है। जोधपुर डीआरएम पंकज कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल के जम्मूतवी रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास के तहत इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिए जाने से ट्रेन 14661 और 14662 बाड़मेर-जम्मूतवी-बाडमेर मालाणी एक्सप्रेस का 18 जनवरी से 51 दिन के लिए संचालन रद्द किया गया था। जिसका पुन: सोमवार से निर्धारित समयानुसार संचालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्य के कारण पठानकोट से जम्मूतवी स्टेशनों के बीच रद्द चल रही ट्रेन 19027 और 19028 बांद्रा टर्मिनस-जम्मूतवी-बां द्रा टर्मिनस विवेक एक्सप्रेस साप्ताहिक, ट्रेन 19223 और 19224 गांधीनगर कैपिटल-जम्मूतवी-गांधीनगर कैपिटल एक्सप्रेस और ट्रेन 19225 और 19226 भगत की कोठी-जम्मूतवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस का शुरू से अंतिम स्टेशन तक संचालन बहाल कर दिया गया है। इंटरलॉकिंग कार्य के कारण ट्रेनें पठानकोट तक ही चलाई जा रही थी।


