भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने 52.81 करोड़ का टेंडर बीते जनवरी में रद्द कर दिया था जिसे अब ट्रस्ट ने नए सिरे से लगाने की तैयारी अंदरखाते शुरू कर दी है। टेंडर ऑनलाइन अपलोड करने को लेकर प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अगले हफ्ते टेंडर के निकालने की संभावना है। बता दें कि ट्रस्ट ने 4 माह पहले 52.18 करोड़ का टेंडर लगाया था। बीते 18 दिसंबर को टेंडर की फाइनेंशियल बिड ओपन हुई थी। शर्मा कांट्रेक्टर 1.08% का लेस देकर एच-1 बिडर बनी थी जबकि राजिंदर इंफ्रास्ट्रक्चर ने 0.25% का लेस दिया था। वहीं, सीगल इंडिया लिमिटेड व गणेश कार्तिकेय कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के डाक्यूमेंट्स पूरे नहीं होने व टेक्निकल खामी बताकर फाइनेंशियल बिड से पहले ही बाहर कर दिया गया था। जिस पर सीगल इंडिया लिमिटेड ने गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए चीफ सेक्रेटरी को शिकायत की थी। वहीं, यह विवादित मामला हाईकोर्ट भी पहुंचा था। फिलहाल, कोर्ट से टेंडर रद्द होने के बाद सभी तरह के विवाद खत्म हो गए थे। अब टेंडर लगाने से पहले सभी टेक्निकल पहलुओं को देखा जा रहा है ताकि आगे कोई विवाद की स्थिति नहीं बने। टेंडर काफी चर्चा में रहने के कारण अब बड़ी फर्मों की नजर बनी हुई है। कई ठेकेदारों ने अप्लाई करने को लेकर अंदरखाते अपनी तैयारियां भी शुरू कर दी है। ट्रस्ट के सूत्रों के मुताबिक अब तक टेंडर में अमाउंट या अन्य शर्तों को लेकर कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। लेकिन विवादों में जाने के कारण प्रक्रिया पर चंडीगढ़ के उच्च अफसरों की निगरानी भी बनी हुई है। गौर हो कि टेंडर में गड़बड़ियों का आरोप लगने के बाद एडीसी डवलपमेंट के निर्देशन में 3 मेंबरी कमेटी ने जांच की थी। जिसकी रिपोर्ट के बाद 9 अफसरों को सस्पेंड कर दिया गया था। जिसमें 7 अफसरों ने सस्पेंशन को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। जिस पर उन्हें स्टे मिल गया और वापस सीट पर कार्यरत हैं। 52.81 करोड़ के टेंडर से 97 एकड़ व रंजीत एवेन्यू ब्लॉक-सी में स्टॉर्म सीवर, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, स्ट्रीट लाइटिंग, हार्टिकल्चर, सिविल-रोड वर्क, टाइल्स, पार्किंग रेनोवेशन, सीवरेज सुधार जैसे डवलपमेंट काम प्रस्तावित थे। पहले यह टेंडर 5 माह की अवधि के लिए निकाला गया था। हालांकि, नए सिरे से डेडलाइन को लेकर कोई बदलाव होगा या नहीं टेंडर ऑनलाइन होने के बाद क्लियर होगा। इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के एसई बूटा राम ने कहा कि नए सिरे से टेंडर लगाने को लेकर तैयारियां चल रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा।


