भास्कर न्यूज | अमृतसर पुलिस ने खुफिया इनपुट के आधार पर हथियार-नशा तस्करी नेटवर्क के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 523 ग्राम आइस ड्रग और 2 ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल बरामद की गई हैं। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर 22 जनवरी को गेट हकीमां थाने में केस दर्ज किया गया था। केस दर्ज करने के बाद पुलिस टीम ने सबसे पहले सीमावर्ती गांव कक्कड़ निवासी सतनाम सिंह (32) उर्फ बिंदी को काबू किया जो मजदूरी करता है। तलाशी के दौरान उसके पास से आइस ड्रग और 2 पिस्तौल बरामद हुए। पूछताछ में सतनाम सिंह ने बताया किया कि वह यह खेप रमन कुमार, चिराग कुमार, ऋषभ कुमार और वैभव कुमार को सप्लाई करने के लिए आया था। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए रमन कुमार (33) ई-रिक्शा चालक है। 20 साल का चिराग ढाबे पर काम करता है और 18 साल का ऋषभ कुमार स्टूडेंट है। 18 साल का वैभव कुमार एलआईसी में बीमा करने का काम करता है। सभी आरोपियों के खिलाफ पहले कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। जांच में यह भी सामने आया कि सतनाम सिंह ऑस्ट्रेलिया में बैठे एक हैंडलर ‘ढिल्लों’ के संपर्क में था। यह हैंडलर सिग्नल ऐप के जरिए पाक से ड्रोन से खेप मंगवाता था।


