6 महीने में आई शिकायतों का डाटा संकलन कर उपलब्ध कराएं : डीसी

भास्कर न्यूज |हजारीबाग नए उपयुक्त शशि प्रकाश सिंह ने शनिवार को की कार्यालय सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक की। उपायुक्त ने सिलसिलेवार तरीके से जिला स्तर पर मैनपावर की स्थिति, स्वीकृत पदों के विरुद्ध कार्यरत मानवबल की स्थिति,एएनएम की वर्तमान संख्या, भवनों की स्थिति, मेडिकल उपकरणों की स्थिति, संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की स्थिति (टीबी,डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, टीकाकरण आदि)की विस्तृत जानकारी ली। उपायुक्त ने कहा कि जिला की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना महत्वपूर्ण है,फलस्वरूप हमें ज्यादा गंभीर और संवेदनशील होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में लगे सुझाव और शिकायत पेटी में आए मामलों को गंभीरता से लें ,साथ ही विगत 6 महीने में आए शिकायतों का डाटा संकलन कर उपलब्ध कराएं। उपायुक्त ने कामकाज में सुधार लाने और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने को लेकर सभी बिंदुओं पर आज से कार्य प्रारंभ करने को कहा। विशेष रूप से स्वच्छता, दवाइयों की उपलब्धता, डॉक्टरों और कर्मचारियों की उपस्थिति तथा आपातकालीन सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। उपायुक्त ने डीपीएम रवि शंकर को सदर अस्पताल समेत सभी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपस्थिति की जानकारी प्रतिदिन लेने का निर्देश दिया एवं चिकित्सकों को रोस्टर समय सारणी को गंभीरता से पालन करने से का निर्देश दिया। वर्तमान में कोविड के नए मामले भारत के कुछ हिस्से में मिले हैं,इसलिए यह आवश्यक है कि जिला स्तर पर भी कोविड के प्रावधानों को दृष्टिगत रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियों को मुकम्मल रखें। बैठक के बाद उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का भ्रमण किया। इस दौरान वे कुपोषण वार्ड,मेल सर्जिकल वार्ड,नेत्र विभाग,ब्लड बैंक आदि का निरीक्षण किया। ब्लड बैंक का निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने ब्लड बैंक में खून की वर्तमान उपलब्धता को नोटिस बोर्ड में लगाने का निर्देश दिया तथा नियमित अंतराल में रक्त दान शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *