6 महीने से नहीं हुई चिचोली नगर परिषद की बैठक:कांग्रेस ने लगाया पार्षदों की उपेक्षा का आरोप, कलेक्टर के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

कांग्रेस ने नगर परिषद चिचोली में अधिकारियों और परिषद अध्यक्ष पर मनमानी का आरोप लगाया है। नाराज ब्लॉक कांग्रेस ने शुक्रवार को कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेसियों ने परिषद में कांग्रेस पार्षदों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए विकास कार्यों में भ्रष्टाचार होने की बात कही। ब्लॉक अध्यक्ष विजय आर्य, पूर्व विधायक ब्रह्म भलावी, वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद नेहा आर्य और पूर्व पार्षद रूपेश आर्य ने शुक्रवार को तहसीलदार चिचोली को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि नगर परिषद चिचोली में पिछले छह महीने से बैठक नहीं बुलाई गई है, जबकि नियमानुसार हर दो महीने में बैठक अनिवार्य है। इससे पार्षद अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को परिषद के सामने नहीं रख पा रहे हैं। आरोप लगाया गया कि परिषद की मनमानी के चलते, सिर्फ उन्हीं कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिनसे निजी लाभ हो सके। वार्डों में नालियां टूटी होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं। जय स्तंभ चौक से वीर दुर्गादास चौक तक बने डिवाइडर पर पुताई और रेडियम न होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्ट्रीट पोल की कटी हुई केबल सड़क किनारे पड़ी हैं, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ज्ञापन में बस स्टैंड और वार्ड क्रमांक 9 के तालाब के किनारे बन रही बाउंड्रीवाल पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि निर्माण कार्य में नियमों की अनदेखी करते हुए लाल ईंटों का उपयोग किया जा रहा है, जबकि फ्लाई एश ईंटें लगाई जानी चाहिए थी। पार्षदों ने इन कार्यों का भुगतान रोकने की मांग की है। यह भी आरोप लगाया गया कि वार्ड क्रमांक 9 में करोड़ों रुपए खर्च कर निजी हित के लिए निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *