भास्कर न्यूज | धौरपुर सरगुजा जिले के लुंड्रा विकासखंड के ग्राम डूमरडीह के तूरुकडीह पारा में गुरुवार को छह लोगों ने धार्मिक अनुष्ठान के जरिए विशेष धर्म छोड़कर फिर से सनातन धर्म अपनाया। यह कार्यक्रम समाजसेवी रामाशंकर यादव के नेतृत्व में और ग्रामीणों के सहयोग से हुआ। जानकारी के अनुसार लंउवाराम, अमासोबाई, पंकज राम, सूरजभान दास, वशिष्ठ मुनि दास और लक्ष्मनिया बाई ने करीब सात साल पहले विशेष धर्म अपना लिया था। अब उन्होंने स्वेच्छा से सनातन धर्म में वापसी की है। घर वापसी की प्रक्रिया वैदिक विधि से पंडित रामप्रकाश शर्मा ने कराई। अनुष्ठान में मंत्रोच्चार, हवन, पूजन और कथा-पाठ हुआ। देवी-देवताओं के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा। पूजा के दौरान पंडित रामप्रकाश शर्मा ने सनातन संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डाला। लोगों को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने की प्रेरणा दी। समाजसेवी रामाशंकर यादव ने कहा कि यह पहल समाज को जागरूक करने और सनातन परंपरा को मजबूत करने का प्रयास है। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और युवा मौजूद रहे। लोगों ने घर वापसी करने वालों का स्वागत किया और उनका उत्साह बढ़ाया।


