6 साल बाद परिजनों से मिला युवक

भास्कर न्यूज|बगोदर 2019 में जौनपुर के उसरा बाजार से भटक कर बगोदर प्रखंड के दोनदलो गांव पहुंचा एक युवक शनिवार को अपने परिजनों के साथ अपने गांव लौट गया। युवक का नाम सुनील कुमार वर्मा है। गांववालों ने उसे 6 साल तक बेटे की तरह पाला। सुनील जब गांव पहुंचा था, तब बच्चा चोर की अफवाह फैली थी। लोगों ने उसे बच्चा चोर समझकर पीट दिया था। उसी समय गांव के सरयू साव वहां पहुंचे। उन्होंने युवक की हालत देखी। उसे घर ले आए और अपने बच्चे की तरह उसका पालन-पोषण शुरू किया। सरयू साव की पत्नी ने भी पूरा साथ दिया। बाद में सरयू साव विदेश चले गए। इसके बाद तीन साल तक उनकी पत्नी ने युवक की देखभाल की। उस समय युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह अपने घर-परिवार के बारे में कुछ नहीं बता पा रहा था। उसकी निगरानी करनी पड़ती थी। दिनचर्या के कामों में मदद करनी पड़ती थी। इस बीच उत्क्रमित प्लस टू हाई स्कूल के एक शिक्षक को युवक के बारे में जानकारी मिली। वह उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उन्होंने यूपी पुलिस और प्रशासन से संपर्क किया। युवक की जानकारी परिजनों तक पहुंचाई। शनिवार को सुनील के परिजन दोनदलो पहुंचे। उन्होंने सुनील को देखा तो पहचान लिया। सुनील ने भी उन्हें पहचान लिया। परिजन भावुक हो गए। फिर युवक को अपने साथ लेकर यूपी रवाना हो गए। दोनदलो मुखिया तुलसी महतो ने बताया कि 6 साल पहले जब युवक गांव पहुंचा था, तब किसी को नहीं पता था कि वह कहां से आया है। उस समय बच्चा चोरी की अफवाह चरम पर थी। अपरिचित लोगों को देखकर गांववाले बच्चा चोर समझकर पिटाई कर देते थे। सुनील भी पहली नजर में बच्चा चोर समझा गया। बाद में सरयू साव ने उसे अपने घर में रखा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *