6 स्कूलों के छात्र 60 किमी दूर देंगे परीक्षा

भास्कर न्यूज| कोरबा केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं की बोर्ड 17 फरवरी से शुरू हो जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले पाली, करतला व पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के 6 संबद्ध स्कूलों के छात्रों को इस बार भी लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी। सबसे अधिक परेशानी पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम भांवर में संचालित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल के छात्रों होने वाली है, क्योंकि इन छात्रों को जवाहर नवोदय विद्यालय, इसके बाद डीपीएस एनटीपीसी जमनीपाली व केवी जमनीपाली जैसे नजदीक के केन्द्र को छोड़कर डीपीएस बालको में परीक्षा देने जाना है। इसी पाली ब्लॉक के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के परीक्षार्थियों को डीएवी गेवरा, जवाहर नवोदय विद्यालय केन्द्र को न देकर डीपीएस एनटीपीसी जमनीपाली भेजा है। इस तरह पोड़ी-उपरोड़ा के भांवर में पढ़ने वाले छात्रों को 60 किलोमीटर से अधिक तो पाली सेजस के छात्रों को भी 60 किलोमीटर का सफर तय करने मजबूर होना पड़ेगा। करतला के बड़मार स्कूल के छात्रों को 45 किलोमीटर दूर डीएवी कोरबा में परीक्षा देने आना है। लंबी दूरी को देखते हुए छात्रों के साथ उनके परिजन भी परेशान हैं। अधिकांश छात्र तो शहर और आसपास रहने वाले अपने परिचितों के यहां 16 फरवरी की शाम तक पहुंच जाएंगे। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने जिले में 8 स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाए हैं। ये सभी परीक्षा केंद्र कोरबा और कटघोरा ब्लॉक में संचालित होने वाले स्कूलों में शामिल हैं। कोरबा जिले में सीबीएसई से संबद्ध निजी व सरकारी 37 स्कूल हैं। 10वीं बोर्ड की परीक्षा के लिए 2174 तो 12वीं के लिए 1914 छात्रों ने पंजीयन कराया है। इसमें 10वीं के 9 तो 12वीं के 131 छात्र स्वाध्यायी परीक्षार्थी होंगे। परीक्षा सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक होगा। परीक्षार्थियों को अपने-अपने केंद्रों में सुबह 9.30 बजे तक पहुंचने कहा है। ऐसे में अगर दूरस्थ क्षेत्रों के परीक्षार्थी उसी दिन घर से आते हैं तो उन्हें दो से तीन घंटा सफर में जाया होगा। ऐसी स्थिति में वे परीक्षा के समय तनावग्रस्त हो सकते हैं। इसके कारण ऐसे छात्र एक दिन पहले पहंुच जाएंगे। सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षा के लिए कोरबा जिला में 8 केंद्र बनाए हैं। इसमें पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय छुरी, डीएव्ही पब्लिक स्कूल गेवरा, डीएव्ही पब्लिक स्कूल एसईसीएल कोरबा, डीपीएस बालको, सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल कोरबा, केंद्रीय विद्यालय कुसमुंडा, डीपीएस एनटीपीसी जमनीपाली व केंद्रीय विद्यालय एनटीपीसी जमनीपाली शामिल हैं। परीक्षा के सुचारू रूप से संयोजन के लिए इस बार इंडस पब्लिक स्कूल दीपका के प्राचार्य डॉ. संजय गुप्ता और सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल से डीके आनंद को सिटी कोआर्डिनेटर बनाया है। इनकी देखरेख में परीक्षा संपन्न होंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *