चाईबासा| उपायुक्त के निर्देश पर शनिवार को सड़क सुरक्षा माह-2025 के तहत बस स्टैंड चाईबासा परिसर में शिविर लगाकर 60 बस चालकों के स्वास्थ्य एवं नेत्र की जांच की गई। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि चालकों के ऊपर सारे सवारियों की जिम्मेदारी रहती है। अपितु शरीर के दूसरे हिस्से में तकलीफ होने से चिकित्सा परामर्श लिया जाता है, लेकिन आंख जो शरीर का मुख्य अंग है, इसे नजरअंदाज न करें। आप सभी चालकों को आंख की रोशनी के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता है। समय-समय पर अपने स्वास्थ्य एवं नेत्र की जांच करवाते रहें। इस अवसर पर सदर एसडीपीओ ने बताया कि जिले में दुर्घटना की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। वाहन दुर्घटना होने पर सबसे अधिक नुकसान चालकों का होता है। चालकों को वाहन परिचालन के दौरान ट्रैफिक के नियमों का अनुपालन और नेत्र जांच करवाते रहना चाहिए।


