मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। लौर थाना पुलिस ने 64 लीटर अवैध शराब से भरी एक कार जब्त की। इस दौरान दो तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। लौर थाना पुलिस को रविवार की शाम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम जोधपुर के पास घेराबंदी की और संदिग्ध कार को रोका। पुलिस को देखते ही कार सवार दो तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। कार की तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें 7 पेटी और 10 पाव सहित कुल 64 लीटर अवैध शराब मिली। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 36 हजार रुपए है। पुलिस ने शराब की खेप के साथ कार को भी जब्त कर लिया है। दो आरोपियों के नाम आए सामने पुलिस ने इस मामले में ग्राम सगरा निवासी भूपेंद्र सिंह और प्रकाश उर्फ राहुल सिंह को आरोपी के रूप में चिह्नित किया है। दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। लौर थाना पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।


