शहर के देवनगर थाना इलाके के नरपत नगर क्षेत्र में रहने वाले बुजुर्ग ने मोबाइल पर आए एक कॉल पर परिचित का रेफरेंस सुनकर जरा विश्वास क्या कर लिया, वो लड़की उनके लिए बड़ा सिरदर्द बन गई। एक बार उसके जाल में फंसने के बाद लड़की ने अलग-अलग बहाने करते तीन-चार महीने में करीब 40 हजार रुपए ले लिए और अब मैसेज व एडिटेड वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 50 लाख रुपए की डिमांड कर रही है। लड़की की धमकियों व ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर बुजुर्ग ने अब देवनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। देवनगर पुलिस थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार – पूर्व में आटीओ एजेंट का काम करने वाले नरपत नगर निवासी कमल गुप्ता की ओर से रिपोर्ट दी गई है। इसमें गुप्ता ने बताया कि करीब 3-4 माह पहले उनके मोबाइल पर मोनिकासिंह नामक लड़की का कॉल आया था। उसने बताया कि परवेश बावेजा से आपके नंबर मिले हैं। आपके मिलने वाले राजेश पंवार मेरा फोन नहीं उठा रहे हैं, इसलिए आप कॉन्फ्रेंस पर मेरी बात कराओ। उसके बार-बार दबाव बनाने पर गुप्ता ने राजेश पंवार को कॉन्फ्रेंस पर लेकर मोनिका की बात करवा दी। तत्पश्चात 28 नवंबर को दुबारा मोनिका का कॉल आया और उसने खुद को परेशानी में होना बताते हुए अर्जेंट में 10 हजार रुपए मांगे और अगले दिन वापस लौटाने का वादा किया। तब गुप्ता ने रातानाडा भाटिया चौराहा पर मोनिका को 10 हजार रुपए दिए। इसके बाद वो किसी न किसी बहाने से गुप्ता को ऑडियो मैसेज, वीडियो कॉल करने लगी और अलग-अलग बहाने करके रुपए लेने लग गई, जो अब तक करीब 40 हजार रुपए हो चुके हैं। खुद गंदी बातें कर बुजुर्ग को भी उकसाती रिपोर्ट के अनुसार मोनिका अक्सर फोन पर गंदी बातें करती थी और गुप्ता को भी उसी तरह की बातें करने के लिए उकसाती। गुप्ता ने इस पर आपत्ति जताते हुए आइंदा कॉल नहीं करने को कहा। तब मोनिका ने गुप्ता को एक वीडियो भेजा, जो स्पष्ट रूप से एडिट किया हुआ नजर आ रहा था और उसमें किसी अश्लील वीडियो में पुरुष के चेहरे के स्थान पर गुप्ता का चेहरा लगाया हुआ था। वो वीडियो भेजने के कुछ ही देर बाद मोनिका ने उसे डिलीट फॉर ऑल कर दिया। फिर गुप्ता को कॉल करके कहा कि यह वीडियो तुम्हारे पत्नी, परिवार व रिश्तदारों में भेजकर बदनाम कर दूंगा और इससे बचने के लिए 50 लाख रुपए देने होंगे। साथ ही धमकी भी दी कि पुलिस में शिकायत की, तो इसका अंजाम भुगतने के लिए भी तैयार रहना। कई दिनों से चल रही ब्लैकमेलिंग, साथी बदमाश भी धमका रहे रिपोर्ट में गुप्ता ने बताया कि पिछले कई दिनों से मोनिका उसे धमकियां दे रही है। इसी बीच उसने गुप्ता के मोबाइल पर एक लिंक भेजकर खोलने को कहा। पहले से भयभीत गुप्ता से जब उस लिंक को ओपन किया, तो उनके मोबाइल को हैक करके शातिर ने उस मोबाइल से होने वाली तमाम बातचीत, फोटो इत्यादि तक में सेंध लगा ली। ऐसे हालात में गुप्ता ने अपने एक दोस्त से लड़की के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को लेकर चर्चा की, तो इसके कुछ देर बाद ही लड़की ने फोन कर पुलिस के पास जाने पर वीडियो वायरल कर रेप केस में फंसाने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उसे रुपए नहीं दिए, तो खुद को एक जाति विशेष की गैंग का बताते हुए अरविंद व अन्य नाम वाले लोगों के फोन आने लगे, जो रुपए देने के लिए धमका रहे हैं।


