भास्कर न्यूज|फाजिल्का फाजिल्का में वार्ड नंबर 21 के अंतर्गत आने वाली दुर्गा कॉलोनी में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों की आखिरकार शुरुआत हो गई है। यह कार्य काउंसलर पूजा लूथरा की अगुवाई और उनके लगातार प्रयासों से संभव हो पाया है। इस अवसर पर काउंसलर पूजा लूथरा स्वयं मौके पर पहुंचीं और चल रहे कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं ठेकेदारों को आवश्यक निर्देश दिए। काउंसलर लूथरा ने जानकारी देते हुए बताया कि ये सभी विकास कार्य नगर परिषद की हाउस मीटिंग में पारित प्रस्तावों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 21 के सर्वांगीण विकास के लिए लगभग 69 लाख रुपये का टेंडर पास किया गया था। यह राशि विशेष रूप से गलियों के निर्माण और बुनियादी ढांचे के सुधार पर खर्च की जाएगी। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों की शुरुआत बाहरी क्षेत्रों से की गई है। काउंसलर पूजा लूथरा ने बताया कि जिन गलियों में पहले सीवरेज पाइप नहीं थे, वहां नई पाइपलाइन बिछाकर मेनहोल बनाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। इससे गंदे पानी की निकासी की समस्या का समाधान होगा। काउंसलर लूथरा ने कहा कि वह जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं और क्षेत्र की हर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


