उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के अजनर थाना क्षेत्र के थुरट गांव में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। यहां 25 फरवरी को जिस घर में बारात आनी थी, वहां 20 वर्षीय युवती ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। युवती ने मंगलवार रात अपनी बहन के साथ मोबाइल पर लूडो खेलते समय यह कदम उठाया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे छतरपुर जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। नंदराम अनुरागी की बेटी रजनी की शादी 3 महीने पहले छतरपुर जिले के ग्राम टेड़ीपुरवा निवासी वीरेंद्र अनुरागी से तय हुई थी। 25 फरवरी को बारात आनी थी। बुधवार (18 फरवरी) को घर में ‘6 माटी’ का कार्यक्रम रखा गया था। घर में खुशियों का माहौल था और शादी की तैयारियां अंतिम दौर में थीं। रात में साथ खाना खाया, लूडो खेलते वक्त खाया जहर पिता नंदराम ने बताया कि मंगलवार रात पूरे परिवार ने हंसी-खुशी साथ बैठकर खाना खाया। रात करीब 11 बजे रजनी अपनी बहन के साथ मोबाइल पर लूडो खेल रही थी। इसी दौरान उसने अचानक जहर खा लिया। कुछ देर बाद जब उसे उल्टियां होने लगीं, तब परिजनों को घटना की जानकारी हुई। इलाज के दौरान तोड़ा दम परिजन उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल ले गए। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जिस घर से सात दिन बाद बेटी की डोली उठनी थी, वहां अब अर्थी उठेगी।


