दैनिक भास्कर कोटा संस्करण के 27वें स्थापना दिवस के अवसर पर 7 मार्च को चंबल रिवर फ्रंट की शाम सूफियाना महफिल से सजेगी। इस कार्यक्रम में सूफी गायक प्रखर जोजन प्रस्तुति देंगे, जबकि दोपहर डेढ़ बजे रिवर फ्रंट के शौर्य चौक पर फागोत्सव का धमाल मचेगा। भजन गायक पंकज मेड़तवाल और उनकी टीम द्वारा फाग की प्रस्तुति दी जाएगी। इस फाग उत्सव में फूलो की होली खेलने के लिए विशेष प्रकार के फूलों की पत्तियां दिल्ली व कोलकाता से मंगवाई जा रही है। दिन भर यह रहेंगे कार्यक्रम राजस्थानी गौरव से रूबरू हो सकेंगे चंबल रिवर का वेस्ट साइड राजस्थानी गौरव का प्रतीक है। जब आप यहां घूमने आएंगे तो आपका प्रवेश ही शौर्य चौक से होगा। ये शौर्य चौक राजस्थान की वीरता और पराक्रम की कहानी बयां करता है। साथ ही यहां पर आपको पूरे राजस्थान भव्य वास्तुकला, राजपूताना विरासत एक ही जगह पर नजर आ जाती है। आप यहां घूम लिए तो मान लो कि आपने पूरे राजस्थान की वास्तुकला का भ्रमण कर लिया। यहां जयपुर का हवामहल भी दिखेगा तो चित्तौड़ का विजय स्तंभ भी। शेखावटी की राजपूताना संस्कृति दिखेगी तो मेहरानगढ़ के किले की भव्यता भी नजर आएगी। ये घाट विश्व रिकॉर्ड वाली संरचनाओं के लिए जाना जाता है। इनके अलावा यहां पर जवाहर घाट, गीता घाट, शांति घाट, नंदी घाट, तिरंगा घाट और जुगनू घाट आदि है, जो आपको रोमांचित कर देगा।


