7 लाख फिरौती का आरोपी 6 साल बाद गिरफ्तार:पीथमपुर में घेराबंदी कर पुलिस ने इनामी बदमाश को दबोचा

धार पुलिस ने 7 लाख रुपये की फिरौती के मामले में छह साल से फरार चल रहे इनामी आरोपी कालू पाजी उर्फ रोविंदर को पीथमपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कुल 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था, जो दो अलग-अलग मामलों में 5-5 हजार रुपये का था। यह गिरफ्तारी वर्ष 2020 के एक चर्चित अपहरण प्रकरण से संबंधित है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2020 में ग्राम जाबड़ा निवासी राजाराम पाटीदार ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात बदमाशों ने उनके मामा के पुत्र बंशीलाल पाटीदार का अपहरण कर 7 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। फिरौती न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इस मामले में अपहरण, फिरौती, लूट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। कालू पाजी इस घटना के बाद से ही फरार था। कालू पाजी पर 2 अगस्त 2022 को धामनोद क्षेत्र में एक महिला के साथ चैन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने का भी आरोप है। इस मामले में भी वह पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देश पर जिले में फरार और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में साइबर सेल को सूचना मिली कि कालू पाजी उर्फ रोविंदर पीथमपुर की उत्कर्ष पैराडाइज कॉलोनी में छिपा हुआ है। इस सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा के नेतृत्व में कोतवाली और साइबर सेल की एक संयुक्त टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कालू पाजी उर्फ रोविंदर (30) मनजीत सिंह का पुत्र है और ग्राम खंडीगरा का निवासी है, जो वर्तमान में पीथमपुर में रह रहा था। पुलिस उससे जिले के अन्य लंबित मामलों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। इस गिरफ्तारी में साइबर सेल प्रभारी प्रशांत गुंजाल सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *