लुधियाना| होली के त्यौहार के दिन 7 साल की मासूम बच्ची के साथ उसी के ही पड़ोसी की ओर से अश्लील हरकत किए जाने की खबर है। वारदात 4 मार्च की दोपहर करीब 3:00 बजे की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है और पीड़ित पक्ष के बयानों के आधार पर आरोपी टिंकू सिंह वासी ढंडारी खुर्द पर केस दर्ज करते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पीड़ित बच्ची के पिता ने बयानों में बताया कि उनकी छोटी बेटी घर के बाहर बच्चों के साथ होली खेल रही थी। खेलते-खेलते जब उसका रंग खत्म हो गया तो वह पास ही स्थित एक दुकान से नया रंग खरीदने के लिए गई थी। आरोप है कि दुकान के पास खड़ा पड़ोसी उसे जबरन अपने कमरे के अंदर ले गया। अश्लील हरकतें करने पर बच्ची ने शोर मचाया तो आरोपी फरार हो गया। शोर सुनकर उसकी मां बच्ची के पास पहुंची तो लड़की ने सारी आप-बीती बताई। आईओ पवनजीत सिंह ने बताया, आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लिया गया है।


