भास्कर न्यूज | धमतरी धमतरी जिला गायत्री परिवार द्वारा समाजसेवा के लिए पौधरोपण संरक्षण का भी कार्य किया जा रहा है। जिले में गायत्री परिवार ने हर साल हजारों पौधे रोपने और उसे बड़े होते तक सुरक्षित रखने का संकल्प लिया है। इसके तहत 7 साल में 5 हजार से अधिक पौधों को गायत्री परिवार के सभी सदस्यों ने मिलकर सुरक्षित कर लिया है। यह पौधे हरियाली बिखेर रहे हैं। गुजरा में ही सबसे ज्यादा पौधे रोपे गए हैं। यहां के श्रीराम वन में हजार से अधिक पौधे सुरक्षित हैं। हर साल यहां के खाली जगह पौधे भी रोपे जा रहे हैं। जिला समन्वयक दिलीप नाग ने बताया कि गायत्री रिवार द्वारा कई साल से पौधरोपण अभियान चल रहा है। धमतरी जिले में साल 2017 से अभियान शुरू किया गया है। हर साल लक्ष्य लेकर पौधे रोपे जाते हैं। इनमें से कई पौधे सुरक्षित रहते हैं, वहीं कई पौधे मर जाते हैं। इनके स्थान पर फिर से नया पौधा लगाया जाता है। 7 साल में अब तक 20 हजार से अधिक पौधे धमतरी, कुरूद, नगरी, मगरलोड, भखारा, आमदी में रोपा गया है। इनमें से 5 हजार से अधिक पौधे सुरक्षित हैं। सबसे ज्यादा सुरक्षित गुजरा के श्रीराम वन में है। यहां पौधे 20 फीट से अधिक ऊंचे हो चुके हैं। हंचलपुर में 200 से अधिक पौधे सुरक्षित हंचलपुर में डॉ. प्रहलाद साहू, उपांशु साहू समेत अन्य सदस्य गायत्री परिवार से जुड़े हैं। हंचलपुर में ही 200 से अधिक पौधे 5 से 10 फीट तक बड़े हो चुके हैं। यहां गांव के तालाब किनारे, श्मशान घाट, रोड किनारे, खाली जगहों पर पौधे रोपे गए। प्रतिदिन देखभाल करने के बाद आज छाया देने लगे हैं। इसी तरह जुनवानी, तर्रागोंदी, सिलौटी में भी हजारों पौधे लगाए गए। जून से दिसंबर तक चलता है अभियान दिलीप नाग ने बताया कि गायत्री परिवार का यह अभियान जून से दिसंबर महीने तक चलता है। इस बीच सभी गायत्री परिवार के सदस्य विशेष अवसरों में पौधरोपण करते हैं। इसकी सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड की भी व्यवस्था की जाती है। इसकी देखरेख परिजन भी करते रहते हैं। बीते साल 2024 में 3 हजार पौधा लगाने का लक्ष्य रखा गया था। इस साल 2025 में 5 हजार पौधा लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जून से दिसंबर महीने तक पौधे रोपे जाएंगे।