क्राइम रिपोर्टर | बिलासपुर महाशिवरात्रि पर पुलिस ने पूरे बिलासपुर जिले में सूखे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। एसएसपी के निर्देश पर रविवार सुबह से सभी थाना और चौकी प्रभारियों ने गांजा के कारोबार से जुड़े छोटे-बड़े 10 लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से कुल 7 किलो 86 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा सरकंडा क्षेत्र से 2000 से अधिक नशीली टेबलेट के साथ एक महिला भी पकड़ी गई। पुलिस ने पहली बार छोटे-बड़े सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की। कोटा पुलिस ने कुछ युवकों को गांजे का सेवन करते हुए पकड़ा। थाना पारा के किराना दुकान में गांजा बिक रहा था : रतनपुर के थाना पारा निवासी अरविंद जैन उर्फ अन्नू (36) लंबे समय से किराना दुकान में गांजा बेच रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 225 ग्राम गांजा बरामद किया। सूत्रों के अनुसार अरविंद जैन क्षेत्र का बड़ा गांजा कारोबारी है और बड़ी मात्रा में गांजा इधर-उधर कर रहा था। सरकंडा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बंधवापारा निवासी रानी सिंह (40) के घर दबिश दी। उसके पास से 2925 नशीली टेबलेट बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 11,497 रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा क्षेत्र के बबली वंशकर (30) से 1 किलो 200 ग्राम और अभय भार्गव (24) से 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया। सिरगिट्टी पुलिस ने रेलवे परिक्षेत्र अंतर्गत पोर्टर खोली में दबिश दी। शेख राजा (30) के घर से 240 ग्राम और शंकर दास मानिकपुरी (19) के घर से 360 ग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों ने गांजा अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखा था। पुलिस ने लोखंडी निवासी राजकुमार निर्मलकर से 280 ग्राम गांजा पकड़ा। बेलगहना के देव चरण वैष्णव से 300 ग्राम, सीपत की सीमा सिसोदिया से 2 किलो, कोनी की पूर्णिमा वर्मा 1.256 किलो और बिल्हा के त्रिवेणी अरोरा से 125 ग्राम गांजा बरामद हुआ।


