अबोहर की सिटी वन पुलिस ने राजस्थान के दो नशा तस्करों को 700 ग्राम अफीम के साथ पकड़ा है। इसमें एक राजस्थान के गंगानगर में ट्रक यूनियन के पूर्व प्रधान का बेटा है। इनपर पंजाब में नशे का नेटवर्क चलाने की आशंका है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट से 3 दिन के रिमांड पर लिया है। नशा किसी को बेचने के फिराक में थे
सिटी वन प्रभारी परमजीत कुमार ने बताया कि रविवार रात हवलदार हर्ष कुमार, राकेश टीम के साथ हनुमानगढ़ पुल के पास गश्त कर रहे थे। उन्होंने पुल के नीचे एक ब्रीजा कार में दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में देखा, जो किसी का इंतजार कर रहे थे। पुलिस टीम ने पहुंचकर तलाशी ली। इसमें से 700 ग्राम अफीम बरामद हुई। युवकों की पहचान सुनील पुत्र कन्हैया लाल निवासी एलएलपी श्रीगंगानगर और सौरव पुत्र भेपेंद्र निवासी गांव तड़वाला जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई है। ये नशा पंजाब में बेचने वाले थे पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान उनसे कड़ी पूछताछ की जाएगी कि वे राजस्थान से अफीम लाकर पंजाब में कहां सप्लाई करने वाले थे।


