कांकेर जिले में रियल एस्टेट और ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। बालोद जिले के ग्राम बोरी निवासी चेतन लाल साहू (59) ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी थी कि अफशा प्रॉपर्टी प्राइवेट लिमिटेड और आगाज इन्फ्रा मल्टी सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड (ट्रेडिंग टायर एकेडमी) ने रकम दोगुनी करने का झांसा देकर निवेश कराए और बाद में पैसे नहीं लौटाए। पीड़ित ने शिकायत में बताया कि कंपनी के डायरेक्टर जगन्नाथ टांडी, फाउंडर व सीईओ उसकी पत्नी अंजूलिका पटेल, और कोर कमेटी सदस्य जयप्रकाश बघेल ने मिलकर आम लोगों से धोखाधड़ी की। 20% मंथली रिटर्न और कार गिफ्ट का वादा कंपनी ने निवेशकों को निवेश करने पर 20% मासिक रिटर्न, दो महीने में रकम दोगुनी, और जमीन खरीद-बिक्री में 200% कैशबैक देने का दावा किया। साथ ही गिफ्ट में कार देने का लालच भी दिया गया। इस झांसे में आकर कई लोगों ने निवेश किया और कुल मिलाकर 72 लाख रुपए की ठगी का शिकार हो गए। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया। थाना कांकेर, अजाक व सायबर सेल की संयुक्त टीम ने दबिश देकर जितेन्द्र देशमुख, जयप्रकाश बघेल और अंजूलिका पटेल को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद 26 मई 2025 को तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


