जयपुर के 75 वर्षीय सुरेश जैन शाह 20 अप्रैल को दिगंबर जैन जिनेश्वरी दीक्षा ग्रहण करेंगे। उनके बेटा पहले से ही मुनि 108 हितेन्द्र सागरजी महाराज के नाम से दीक्षित हैं। सुरेश जैन का जन्म 1950 में बोली में हुआ था। वो कपूरी देवी और रतनलाल के पुत्र हैं। राजस्थान जैन सभा जयपुर के उपाध्यक्ष विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि सुरेश जैन दिगंबर जैन धर्म के प्रसिद्ध आचार्य 108 वर्द्धमान सागर महाराज से मंदसौर में दीक्षा लेंगे। दीक्षा से पहले जयपुर की विभिन्न कालोनियों में उनकी बिंदौरी निकाली गई। मालवीय नगर, शास्त्री नगर, श्याम नगर, सूर्य नगर, मानसरोवर और सांगानेर जैन मंदिर समेत कई स्थानों पर बैंड-बाजों के साथ यह आयोजन किया गया। निवाई और बोली नगर में भी बिंदौरी निकाली गई। इस दौरान समाज के लोगों और परिजनों ने दीक्षार्थी सुरेश जैन का अभिनंदन किया। उन्हें श्रीफल, सूखे मेवे और फल भेंट किए गए। शाल और माला पहनाकर उनके वैराग्य भावों की अनुमोदना की गई।


