765 केवी लाइन से केबल चोरी का सरगना गिरफ्तार:2 क्विंटल तार और वाहन जब्त किया, 4 आरोपी पहले पकड़े गए

बालोतरा की पचपदरा थाना पुलिस ने हाई ट्रांसमिशन लाइन से एल्युमिनियम केबल चोरी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 क्विंटल एल्युमिनियम तार और एक बिना नंबर का गेटवे वाहन जब्त किया। इससे पहले, पुलिस इसी गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर 7.5 क्विंटल एल्युमिनियम तार और दो वाहन बरामद कर चुकी है। 4 फरवरी को मामला दर्ज हुआ था 4 फरवरी को दर्ज कराए मामले में स्टरलाइट कंपनी के सलाहकार मुरलीधर गौड़ ने पुलिस को बताया था कि फतेहगढ़ से ब्यावर तक बिछाई जा रही 765 केवी हाई ट्रांसमिशन लाइन से 2 फरवरी की रात राजीव नगर-नवातला क्षेत्र में लगभग 1900 मीटर (करीब 3500 किलोग्राम) एल्युमिनियम केबल चोरी कर ली गई थी। कंपनी की ओर से यह कार्य केईसी द्वारा किया जा रहा था। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार के निर्देश पर जिले में चोरी की वारदातों के खुलासे के लिए ‘ऑपरेशन अश्ववेग’ चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह और पुलिस उपाधीक्षक विकास कुमार के सुपरविजन में पचपदरा थानाधिकारी अचलाराम के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इलियास खान, मूलाराम, मुकेश और रोशन खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में चोरी करना और माल खरीदना स्वीकार किया पूछताछ में आरोपियों ने फतेहगढ़-3 ब्यावर 765 केवी लाइन से एल्युमिनियम तार चोरी करना और चोरी का माल खरीदना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर करीब 6 क्विंटल एल्युमिनियम तार और घटना में प्रयुक्त एक बिना नंबर की फॉर्च्यूनर कार बरामद की गई। बाद में, रोशन खान की गिरफ्तारी के साथ 1.5 क्विंटल तार और एक बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया। मुख्य सरगना आसीन उर्फ कोजे खान गिरफ्तार जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना आसीन उर्फ कोजे खान पुत्र सुभान खान निवासी सुनगरियानाडा, गंगापुरा (पचपदरा) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 2 क्विंटल एल्युमिनियम तार और बिना नंबर की गेटवे वाहन बरामद की गई। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *