8वीं की छात्रा से रेप और हत्या का मामला:सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिला सुराग, 10 टीमों ने कड़ियां जोड़कर दरिंदे को पकड़ा

बज्जू तहसील के रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में परीक्षा देने जा रही 8वीं कक्षा की छात्रा को रास्ते में रोककर उसके साथ दुष्कर्म और हत्या कर फरार हुए दरिंदे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीसीटीवी में अभियुक्त की फुटेज नजर आई और पुलिस की 10 टीमों ने दो दिन लगातार कड़ी से कड़ी जोड़कर उसे गिरफ्तार किया। रणजीतपुरा के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 12 साल की छात्रा 21 फरवरी को 8वीं बोर्ड की परीक्षा देने दिन में 11.30 बजे घर से निकली थी। रणजीतपुरा चौराहे से करीब 400 मी. दूर आरडीवाई नहर के पास गांव के ही युवक ने उसे रोका और डरा-धमकाकर दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने वाला दरिंदा फरार हो गया जिसे नामजद करना पुलिस के लिए टेडी खीर साबित हो रहा था। पूरे प्रदेश और विधानसभा में मामले की गूंज के दबाव को देखते हुए पुलिस की 10 अलग-अलग टीमें गठित की गई। रणजीतपुरा चौराहे के पास सीसीटीवी खंगाले तो दिन में 12.24 बजे एक युवक बाइक पर घटनास्थल की ओर जाता दिखा जो 1.10 बजे वहां से वापस लौटा था। इस बीच उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की टीमों ने इस सुराग पर दिन-रात कड़ी मेहनत की और अभियुक्त को नामजद कर लिया जो गांव का रहने वाला है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो वारदात का खुलासा हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है जिसे बुधवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। अभियुक्त ने वारदात के बाद खुद ही घटनाक्रम से जुड़ी एक पोस्ट अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर डाली जिससे कि किसी को शक ना हो। अभियुक्त की गिरफ्तारी में रणजीतपुरा थाने के कांस्टेबल मोहबताराम, प्रदीपसिंह और राजूराम की मुख्य भूमिका रही। मंगलवार को एडीजी सिविल राइट्स लता मनोज भी बीकानेर आईं और घटनास्थल का मौका मुआयना कर एसपी कावेन्द्रसिंह सागर को दिशा-निर्देश दिए। बालिका को अकेली देख खराब हुई नीयत, डरा-धमकाकर की वारदात अभियुक्त बाइक पर सवार होकर नहर के खाले के पास से अपनी ढाणी जा रहा था। इस दौरान उसने परीक्षा देने जा रही बालिका को अकेली जाते देखा तो नीयत खराब हो गई। आगे जाकर झाड़ियों में छिपकर बैठ गया और जैसे ही बालिका नजदीक आई उसे डरा-धमकाकर अपने करीब 400 मी. अंदर झाड़ियों की तरफ ले गया। वहां लड़की के साथ दुष्कर्म किया और वह बेसुध हो गई तो गाला घोंटकर उसे मार दिया। बालिका का शव मौके पर ही छोड़कर बाइक से अपनी ढाणी चला गया। इस दौरान बालिका 8वीं की परीक्षा देने नहीं पहुंची तो स्कूलवालों ने परिजनों को फोन किया। बालिका की खोजबीन शुरू की गई तो उसका अर्धनग्न हालत में उसका शव घटनास्थल पर मिला। मौके पर मिला अभियुक्त का लॉकेट मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एफएसएल और एमओबी की टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए। छानबीन की तो घटनास्थल के पास से लकड़ी का एक लॉकेट बरामद हुआ। वैसा ही एक अन्य लॉकेट अभियुक्त ने पहन रखा था। दरअसल, अभियुक्त कुछ दिन पहले खाटू श्यामजी गया था और वहां से दो एक जैसे दो लॉकेट खरीदकर लाया था। पहना हुआ एक लॉकेट वारदात के दौरान घटनास्थल के पास गिर गया। इसका पता चलने पर अभियुक्त ने दूसरा लॉकेट गले में पहन लिया। पुलिस को मौके से लॉकेट बरामद होने और वैसा ही लॉकेट अभियुक्त के गले में पहने हुए मिला तो शक यकीन में बदल गया। पिता ने कुत्तों से बचने की सलाह दी, बेटे ने छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी 8वीं कक्षा की परीक्षा देने स्कूल जा रही छात्रा को अभियुक्त के पिता ने कुत्तों से बचने की सलाह दी थी। आगे उसी के बेटे ने छात्रा से दुष्कर्म और उसकी हत्या कर दी। जिस रास्ते से छात्रा स्कूल जा रही थी, उसके बीच में ही अभियुक्त के पिता की ढाणी थी। आगे गाय मरी पड़ी थी जहां कुत्तों का झुंड जमा था। अभियुक्त के पिता ने छात्रा से कहा कि कुत्तों से बचकर रहना। लेकिन, वह जब आगे पहुंची तो बेटे ने ही छात्रा से दुष्कर्म किया और उसके बाद गला घोंटकर जान ले ली। एसपी ने कहा- कोर्ट में सजा के लिए स्पेशल पीपी नियुक्त कराएंगे
एसपी कावेन्द्रसिंह सागर का कहना है कि 8वीं की छात्रा से दुष्कर्म और हत्या के गंभीर मामले में गिरफ्तार अभियुक्त को कड़ी सजा के लिए स्पेशल पीपी नियुक्त कराएंगे। इसके लिए पुलिस मुख्यालय को पत्र लिखेंगे। अनुसंधान अधिकारी सीओ कोलायत संग्रामसिंह को निर्देश दिए हैं कि साइबर, एफएसएल और एमओबी टीमों की ओर से जुटाए गए साक्ष्य, मौके से बरामद और अन्य साक्ष्यों की कड़ी से कड़ी जोड़कर फाइल तैयार की जाए जिससे अभियुक्त को सख्त सजा हो। पुलिस की टीमों ने बेहद गंभीर मामले में दिन-रात एक कर अभियुक्त को पकड़ा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *