भास्कर न्यूज | तरनतारन पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित सत्र 2025-26 की 8वीं, 10वीं और बारहवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। यह जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) सतनाम सिंह बाठ ने दी। उन्होंने बताया कि आठवीं कक्षा का अंग्रेजी और बारहवीं कक्षा का होम साइंस का पेपर 17 फरवरी 2026 से शुरू हो रहा है। इस संबंध में सुपरिंटेंडेंट, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट और निगरानी स्टाफ की ड्यूटियां लगा दी गई हैं। उल्लेखनीय है कि दसवीं कक्षा की परीक्षाएं 6 मार्च से होंगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि वार्षिक परीक्षाओं के दौरान जिले तरनतारन के बारहवीं कक्षा के 11,957, दसवीं कक्षा के 12,786 और आठवीं कक्षा के 12,827 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जिले में कुल 118 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 118 सुपरिंटेंडेंट और 150 डिप्टी सुपरिंटेंडेंट तैनात किए गए हैं। नकल रहित परीक्षाएं सुनिश्चित करने के लिए जिले में 12 उड़न दस्ते लगाए गए हैं।


