भास्कर न्यूज | गिरिडीह जिले के मौसम में बदलाव का दौर जारी है। शहर सहित कई प्रखंड क्षेत्रों में रविवार सुबह से बादल छाए रहे। लेकिन, मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के आसार बहुत कम है। जिले के कई स्थानों पर हल्के दर्जे की बारिश हो सकती है। जिले में मानसून के प्रवेश को लेकर समय में बदलाव हुआ है। मौसम वैज्ञानिक मधुकर कुमार ने बताया कि ऐसी उम्मीद थी कि निर्धारित समय से हफ्ते भर पहले मानसून जिले में कर जाता, पर अभी स्थिति साफ नहीं है। अब अगले एक सप्ताह मानसून के प्रवेश करने की कोई संभावना नहीं है। 7 जून के बाद ही पता चलेगा कि मानसून का प्रवेश कब हो सकता है। ऐसे उम्मीद है कि 10 से 12 जून के बीच जिले में मानूसन प्रवेश कर जाए। अगर इसमें देरी हुई तो गर्मी बढ़ेगी। क्योंकि, 6 जून से एक बार फिर तापमान बढ़ेगा। जिले का अधिकतम तापमान भी 32-37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25-28 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इस कारण गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। जिले भर में अगले 5 दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। 3-6 जून तक आंशिक बादल के साथ गर्जन वाले बादल भी बन सकते हैं।इसको लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 4 जून और 5 जून को आंशिक बादल छाने के साथ गर्जन वाले बादल भी बन सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। 6 जून से आसमान साफ रहेगा, गर्मी बढ़ेगी अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। कृषि वैज्ञानिक मधुकर कुमार ने कहा कि किसान अपने उस खेत मे बीज डालें, जहां पटवन की सुविधा हो। अगले 8 दिनों का तापमान कैसा रहेगा : मौसम विभाग के अनुसार 3 जून को अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, 4 -5 जून को अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस, 6 जून को अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, 7 जून को अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, 8 जून को अधिकतम 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस, 9 जून को अधिकतम 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस और 10-11जून को अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।


