भोपालगढ़ क्षेत्र की खेड़ापा थाना पुलिस ने टॉप-10 अपराधी अशोक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले 8 महीने से फरार चल रहा था। एसपी जोधपुर ग्रामीण राममूर्ति जोशी के अनुसार, जोधपुर रेंज में वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान चल रहा है। इसी कड़ी में बिराई निवासी अशोक (26) पुत्र सोहनराम माली को पकड़ा गया है। आरोपी पर 25 जुलाई 2024 को रॉयल्टी नाके पर गंभीर अपराध करने का आरोप है। उसने अपने साथियों के साथ अस्थायी छप्पर में आग लगाई थी। साथ ही बाहर खड़ी कैम्पर और मोटरसाइकिलों को भी जला दिया था। इसके बाद रॉयल्टी में जमा धनराशि लूटकर फरार हो गया था। एसपी के निर्देश पर एएसपी भोपालसिंह लखावत और सीओ भूराराम खिलेरी के मार्गदर्शन में खेड़ापा थानाधिकारी भंवरलाल सीरवी ने विशेष टीम बनाई। टीम को पता चला कि आरोपी एक रिश्तेदार के घर छिपा है। पुलिस की दबिश के दौरान वह मोटरसाइकिल से भागने लगा। पुलिस ने करीब 10 किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी भंवरलाल सीरवी, कॉन्स्टेबल राकेश विश्नोई, लिखमाराम और प्रकाश गोस्वामी की विशेष भूमिका रही। जिला पुलिस अधीक्षक ने इन सभी को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।


