झालावाड़ के पिड़ावा में ताल्लुका विधिक सेवा समिति की ओर से महत्वपूर्ण कानूनी जागरूकता अभियान चलाया गया। सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट अमितेश कुमारी के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। पीएलवी सुरेशचंद दांगी ने राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल कुंडलाप्रताप और ग्राम नूरपुरा में विधिक शिविर का आयोजन किया। इस दौरान असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए नालसा लीगल सर्विसेज के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह के खिलाफ लोगों को जागरूक किया गया। इसके दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 15100 के बारे में बताया गया। आगामी 8 मार्च को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी गई। लोक अदालत में राजीनामा के माध्यम से प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया को भी समझाया गया।


