8 मिनट बचेंगे, जाम से भी राहत:आउटडोर स्टेडियम के भीतर से खुलेगा रास्ता, कंकालीपारा से सीधा आएंगे बूढ़ातालाब

राजधानी में ट्रैफिक सुधारने और जाम से राहत देने के लिए लगातार प्रयोग किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ट्रैफिक पुलिस ने रायपुर नगर निगम को पत्र लिखकर आउटडोर स्टेडियम के भीतर से निकलने वाली सड़क को खोलने के लिए कहा है। यह सड़क कंकालीपारा आनंद वाचनालय से निकलकर सीधे बूढ़ातालाब तक जाती है। इस सड़क को खोलने से पुरानी बस्ती थाना के सामने ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा। ब्राह्मणपारा और कंकालीपारा के लोग सीधे बूढ़ातालाब पहुंच सकेंगे। पुलिस का दावा है कि जल्द ही रास्ता खोल दिया जाएगा। वहीं, अवंति विहार को वन-वे किया गया है। कोतवाली थाना के सामने की सड़क को वन-वे करने की तैयारी है। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने विशेषज्ञों के साथ मिलकर शहर का सर्वे किया है। इस दौरान सड़कों पर क्या-क्या कार्य किए जाएं, कहां नई सड़क खोली जाए और डिजाइन में क्या परिवर्तन किया जाए, इसे लेकर रिपोर्ट तैयार की गई है। इसी कड़ी में आउटडोर और इनडोर स्टेडियम के बीच से नीचे की सड़क को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने सर्वे के बाद निगम को सड़क खोलने के लिए कहा है, क्योंकि पुरानी बस्ती इलाके से रोजाना 55 हजार गाड़ियां गुजरती हैं। पचपेड़ी-संतोषी नगर तक सड़क भी
पचपेड़ी नाका से संतोषी नगर बाजार तक नई सड़क बनाने की तैयारी है। ट्रैफिक पुलिस ने इसे चौड़ा करने के लिए पीडब्ल्यूडी को पत्र लिखा है। इससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा। इसके लिए नाले के ऊपर से अतिक्रमण हटाना होगा। वहीं, वीआईपी तिराहा और तेलीबांधा थाना के सामने चौक पर लेफ्ट फ्री करने के लिए बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं, ताकि लेफ्ट साइड गाड़ियां खड़ी न हों। इसी तरह शहर के प्रमुख चौकों पर किया जा रहा है। अवंति विहार में किया गया वन-वे
पुलिस ने अवंति विहार को वन-वे कर दिया है। तेलीबांधा से जाने वाले शिव मंदिर होकर अवंति विहार जा सकेंगे, लेकिन इसी रूट से वापस नहीं आ पाएंगे। उन्हें फल दुकान के पास बनी नई सड़क से जाना होगा। दोनों सड़कें जीई रोड तेलीबांधा से जुड़ती हैं। इसी तरह सर्विस रोड को भी नई सड़क से जोड़ दिया गया है। अग्रसेन धाम चौक पर लगातार हादसों की वजह से सर्विस रोड को बंद कर दिया गया है। सिग्नल के सामने सीमेंट का स्टॉपर लगा दिया गया है, जिससे लोग मेन रोड पर सीधे नहीं आ सकेंगे। कृषि महाविद्यालय के सामने से आना-जाना करना पड़ रहा है। कोतवाली चौक को वन-वे करने की तैयारी है। कालीबाड़ी जाने वाले कोतवाली से गांधी मैदान होकर जाएंगे, जबकि मालवीय रोड आने वाले बिजली ऑफिस चौक से आएंगे। दो माह में किया जाएगा यह काम ट्रैफिक दबाव कम करने बना प्लान शहर में ट्रैफिक के दबाव को कम करने वैकल्पिक मार्गों पर काम किया जा रहा है। कुछ छोटे-छोटे सुधार हैं, जिसके जरिए शहर में यातायात के दबाव को कम किया जा सकता है। इसी क्रम में कुछ सड़कों को खोलने की तैयारी है। -डॉ. संजीव शुक्ला, कमिश्नर ऑफ पुलिस, रायपुर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *