800 वर्ग गज जमीन के विवाद को लेकर फायरिंग, VIDEO:मोटर गैराज में लगाई आग, हवा में लहराई पिस्टल-बंदूक-लाठियां; 2 दिन पहले हुई थी पैमाइश

भरतपुर के बयाना कस्बे में जमीन विवाद में रविवार को दो पक्ष आमने-सामने हो गए। इस दौरान एक पक्ष ने पिस्टल और 12 बोर बंदूक से फायरिंग भी की। घटना के वीडियो सामने आए हैं, जिसमें आरोपी बंदूक और पिस्टल लहराते और फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। एडिशनल एसपी हरिराम कुमावत ने बताया- रविवार दोपहर 3:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बयाना शहर के रिलायंस पेट्रोल पंप के आगे झगड़ा हो गया है। सूचना पर बयाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस बल तैनात किया। पुलिस ने बताया कि पेट्रोल पंप के सामने 800 वर्ग गज जमीन को लेकर अंबा टॉकीज निवासी बाइक शोरूम मालिक भागसिंह सूपा और किसान समंदर गुर्जर के बीच डेढ़ साल से विवाद चल रहा है। दो दिन पहले शुक्रवार को नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी और नायब तहसीलदार अंकुर जैन और राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में पैमाइश की थी। इस पर दोनों पक्षों ने सहमति जताई थी। रविवार को जब किसान समंदर गुर्जर जमीन पर निर्माण कराने के लिए पहुंचा तो भागसिंह पक्ष ने विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इस बीच भागसिंह के एक मोटर गैराज में आग लग गई। भागसिंह पक्ष ने समंदर सिंह पक्ष पर गैराज में आग लगाने का आरोप लगाया। भागसिंह का बेटा जैनेंद्र सिंह इस दौरान हाथ में लाइसेंसी पिस्टल लिए नजर आया। पिस्टल से भी फायरिंग किए जाने की सूचना है। साथ ही उसके पक्ष के लोगों ने 12 बोर बंदूक से फायरिंग भी की। इस दौरान दुकान के शीशे फोड़ दिए। मौके से दो खाली कारतूस भी बरामद किए गए हैं। दोनों पक्षों की ओर से लाठियां लहराई गई। घटना में कोई घायल नहीं हुआ। एडिशनल एसपी हरिराम कुमावत ने बताया-पुलिस ने दोनों पक्षों से समझाइश कर झगड़ा शांत कराया। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है। दोनों पक्षों के लोगों को थाने पर बुलाया गया है। फिलहाल मौके पर कानून और शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। नायब तहसीलदार- जमीन बेचने के बाद हुआ विवाद नायब तहसीलदार अंकुर जैन ने बताया- भाग सिंह सूपा का जमीन को लेकर व्यापारी रमेश अग्रवाल से 800 वर्ग गज जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रमेश अग्रवाल पक्ष का कहना है कि हमने अपना हिस्सा किसान समंदर गुर्जर पक्ष को बेच दिया था। यह सौदा एग्रीमेंट के जरिए किया था। दो दिन पहले दोनों पक्षों (भाग सिंह और समंदर गुर्जर) की मौजूदगी में पैमाइश कर निशान कायम कर दिए गए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *