भास्कर न्यूज | कवर्धा बैगा बाहुल वनांचल क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेंगाखार में निशुल्क सोनोग्राफी व रक्तदान शिविर लगा। शिविर में 87 गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी, 119 ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जांच और 8 लोगों ने रक्तदान किया। इससे दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिला। शिविर में 87 गर्भवती महिलाओं की निशुल्क सोनोग्राफी की गई। जांच के माध्यम से गर्भ में पल रहे शिशु के विकास की जानकारी मिली। जिन महिलाओं में जोखिम की आशंका थी, उन्हें तुरंत चिकित्सकीय सलाह दी गई। डॉक्टरों ने गर्भवती महिलाओं को नियमित जांच कराने, संतुलित आहार लेने, खून की कमी से बचाव, आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां लेने और संस्थागत प्रसव कराने की सलाह दी। शिविर में रेंगाखार सेक्टर के खारा, रेंगाखार, समनापुर, बहमनी, लोहाराडीह, बांदाटोला, निवासपुर और चिल्फी सेक्टर के शीतलपानी गांव के ग्रामीणों को लाभ मिला। डॉक्टर ने कहा- गर्भावस्था में सोनोग्राफी कराना जरूरी सोनोग्राफी से गर्भ में शिशु के विकास की निगरानी, गर्भावस्था व प्रसव तिथि की पुष्टि, प्लेसेंटा और अम्नियोटिक द्रव की जांच की जाती है। इससे जन्मजात विकृतियों, प्लेसेंटा प्रीविया जैसी जटिलताओं तथा एक से अधिक शिशु की पहचान संभव होती है। यह जांच सुरक्षित गर्भावस्था और प्रसव के लिए अत्यंत आवश्यक है। 119 ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जांच कर दवा दी गई शिविर के दौरान 119 ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जांच (ओपीडी) की गई। मरीजों को बुखार, कमजोरी, ब्लड प्रेशर, शुगर जैसी सामान्य समस्याओं की जांच कर निशुल्क दवाएं दी गईं। डॉक्टरों ने लोगों को साफ-सफाई, पोषण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के बारे में भी बताया।


