9.85 करोड़ की लागत से बनेगी राज्य की पहली जामुन मंडी

पंजाब के कृषि क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। अरनीवाला में राज्य की पहली विशेष जामुन मंडी का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। स्थानीय विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस बड़े प्रोजेक्ट का खुलासा करते हुए इसे इलाके के लिए एक ऐतिहासिक सौगात बताया है। पंजाब सरकार द्वारा इस बहुउद्देशीय मंडी के लिए 9 करोड़ 84 लाख 58 हजार रुपए की राशि जारी कर दी गई है। विधायक गोल्डी कंबोज ने बताया कि यह केवल जामुन मंडी नहीं होगी, बल्कि इसे एक आधुनिक कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां जामुन मंडी के साथ-साथ व्यवस्थित सब्जी मंडी और अनाज मंडी का निर्माण भी किया जाएगा। इसके अलावा, प्रशासनिक कार्यों की सुविधा के लिए मार्केट कमेटी का दफ्तर भी इसी परिसर में स्थानांतरित होगा। मंडी को आधुनिक सुविधाओं जैसे बड़े शेड, हाई-टेक पंखे और एलईडी लाइटों से लैस किया जाएगा, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस मंडी का नाम संत बाबा तारा सिंह जी खुशदिल ग्रेन, वेजिटेबल एंड जामुन मंडी रखा गया है। विधायक ने जोर देकर कहा कि पंजाब में अब तक जामुन के लिए कोई विशेष मंडी नहीं थी, जिससे इस फल की खेती करने वाले किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब अरनीवाला और आसपास के किसान अपनी जामुन, सब्जी, धान और कपास (नरमा) जैसी फसलें स्थानीय स्तर पर ही बेच सकेंगे, जिससे उनका परिवहन खर्च बचेगा और उन्हें फसल का उचित दाम मिल सकेगा। प्रोजेक्ट की समय सीमा साझा करते हुए विधायक ने कहा कि अगले 3 से 4 महीनों के भीतर यह मंडी पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगी। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पिछले 25 वर्षों में इलाके की सड़कों की सुध नहीं ली गई थी, लेकिन अब आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में न केवल मंडियों का आधुनिकीकरण हो रहा है, बल्कि सभी लिंक सड़कों का निर्माण भी युद्ध स्तर पर जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *