904 ग्राम हेरोइन के साथ 5 आरोपी किए गिरफ्तार, मामला दर्ज

जिला पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है। ताजा कार्रवाई में पुलिस द्वारा तीन थाना क्षेत्रों से छापेमारी में एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 904 ग्राम हेरोइन और एक कार बरामद की है। पहला मामला मखू थाना क्षेत्र का है। जांच अधिकारी एएसआई लखवीर सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में कैनाल कॉलोनी, मक्खू से दरिया बांध की ओर जा रही थी। रास्ते में सामने से आ रही एक आई-20 कार को शक के आधार पर रोककर जांच की गई। चेकिंग के दौरान कार में सवार दो युवकों और एक महिला से तलाशी लेने पर उनके पास से 900 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान पूजा उर्फ रूबी पत्नी सुक्खा सिंह निवासी लाटियां वाला, सुल्तानपुर लोधी जिला कपूरथला, जगदीप सिंह उर्फ जग्गा पुत्र सुखविंदर सिंह निवासी वार्ड नंबर 2, पट्टी जिला तरनतारन और राहुल कुमार पुत्र सोनू उर्फ जरमल सिंह निवासी मोहल्ला नानक नगरी, जीरा जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है। दूसरा मामला थाना सिटी का है। जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर कुलबीर सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस ने गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी पुत्र दर्शन सिंह निवासी गांव खाने के अहल, जिला फिरोजपुर को काबू किया। वह मध्यम रोशनी में लाइटर और सिल्वर पेपर की सहायता से हेरोइन का नशा करता पाया गया। तीसरा मामला जीरा सदर थाना क्षेत्र से संबंधित है। जांच अधिकारी एएसआई गगनप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी गश्त के दौरान गांव बंडाला नो बंब से गांव शाहवाला की ओर जा रही थी। रास्ते में एक व्यक्ति को शक के आधार पर रोका गया तो तलाशी लेने पर उसके पास से 4 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान राज सिंह उर्फ राजा पुत्र जगसीर सिंह निवासी घोड़ मोहल्ला, जीरा जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत संबंधित थानों में केस दर्ज कर लिए है और मामलो की गहन जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *