भास्कर न्यूज | बालोद पुलिस ने शाम के समय शराब पीकर वाहन चलाने और यातायात नियम तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान 7 शराबी वाहन चालकों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां उन्हें कुल 80 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। साथ ही 6 चालकों का लाइसेंस 6 माह के लिए निलंबित करने के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेजा गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 96 अन्य वाहन चालकों पर 13,400 रुपये की चालानी कार्यवाही भी की गई। इसके अलावा, बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले चालक और वाहन मालिक पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। यातायात प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में यह अभियान जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया गया। बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें, मोबाइल का उपयोग वाहन चलाते समय न करें, वाहन चलाते समय दस्तावेज साथ रखें और नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें।


