जांजगीर-चांपा जिले में गांजा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने दो आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 9.744 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4.98 लाख रुपए है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पहला मामला बम्हनीडीह थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आदतन निगरानी बदमाश रजत उर्फ गोलू दिवान बड़ी मात्रा में गांजा बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिर्रा रोड चारपारा में घेराबंदी कर उसे पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 4.744 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत 2.40 लाख रुपये बताई गई है। बता दें कि रजत उर्फ गोलू दिवान पर पहले ही जिला बदर की कार्रवाई हो चुकी थी। इसके बावजूद वह पुलिस की नजरों से बचकर अपने गृह जिले में गांजा तस्करी कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद बम्हनीडीह पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है और जिला दंडाधिकारी को भी इसकी सूचना दी गई है। रेलवे स्टेशन के पास खड़े थे तस्कर दूसरा मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है। मुखबिर से मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन के पास दो लोग गांजा रखे हुए थे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली और 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत 2.58 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी अभिषेक सूर्यवंशी और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। अभिषेक पहले भी जा चुकी है जेल पूछताछ में आरोपी अभिषेक सूर्यवंशी ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लाकर जांजगीर में तस्करी के लिए लाया था। पुलिस ने यह भी बताया कि अभिषेक का आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पहले भी शराब के एक मामले में जेल जा चुका है। नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया दोनों मामलों के वयस्क आरोपियों, रजत उर्फ गोलू दिवान और अभिषेक सूर्यवंशी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि नाबालिग बालक को किशोर न्यायालय में पेश कर बाल सुधार गृह कोरबा भेजा गया है। ग्राम तालदेवरी में 4.22 लाख की चोरी का खुलासा जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम तालदेवरी में हुई 4.22 लाख रुपये की चोरी का खुलासा बिर्रा पुलिस ने कर दिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवर और वारदात में प्रयुक्त मारुति इक्को कार जब्त की है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। घटना 29 जनवरी की देर रात तालदेवरी निवासी कृष्णों साहू के घर में हुई। परिवार के सदस्य भोजन के बाद सो गए थे। सुबह करीब 4 बजे उठने पर कमरे की अलमारी खुली मिली और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी गायब थे। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 4 लाख 22 हजार रुपये आंकी गई। शिकायत के बाद बिर्रा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग जांच के दौरान साइबर सेल की मदद से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में 29 जनवरी की रात एक इक्को कार घर के आसपास संदिग्ध हालत में दिखाई दी। संदेह के आधार पर पुलिस ने कनसदा निवासी जितेंद्र साहू (28 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के मुड़पार गांव निवासी राजकुमार कर्ष (38 वर्ष) की योजना पर चोरी करना स्वीकार किया। समारोह में मिली जानकारी, बनाई चोरी की योजना राजकुमार कर्ष ने बताया कि वह 22 जनवरी को अपनी बहन के ससुराल में आयोजित एक समारोह में शामिल होने तालदेवरी गया था। इस दौरान उसका कृष्णों साहू के घर आना-जाना रहा। वहीं उसने अलमारी में रखे जेवर देखे और चोरी की योजना बनाई। 29 जनवरी की रात वह अपने साथी जितेंद्र साहू की इक्को कार से तालदेवरी पहुंचा। देर रात घर का दरवाजा धक्का देकर खोला, अलमारी से जेवर निकाले और कार में बैठकर फरार हो गए। जीजा को दिए थे कुछ जेवर, मुख्य आरोपी पहले भी जा चुका है जेल चोरी किए गए कुछ जेवर राजकुमार ने अपने जीजा विनोद कुमार (39) को दिए थे। पुलिस के अनुसार, राजकुमार कर्ष पूर्व में हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने तीनों आरोपियों से चोरी किए गए सभी सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए हैं। घटना में प्रयुक्त मारुति इक्को कार भी जब्त कर ली गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


