दमोह से जबलपुर पिकनिक मनाने जा रहे पांच दोस्तों में विवाद हो गया। तेजगढ़ थाना के हर्रई गांव के पास इनके बीच गाली गलौज से शुरू हुई। विवाद इतना अधिक बढ़ा कि एक युवक ने अपने दो दोस्तों को चाकू मारकर घायल कर दिया। उसके बाद अपने दो साथियों के साथ फरार हो गया। तेजगढ़ थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने बताया कि किराए की कार लेकर पांच दोस्त पिकनिक मनाने जबलपुर जा रहे थे। गुरुवार रात करीब 7 बजे रास्ते में शराब पीने के बाद जैसे ही सभी आगे बढ़े, इनके बीच विवाद शुरू हो गया। घायल युवक शुभम धुरिया ने बताया कि उसके दोस्त मनीष ठाकुर ने जबलपुर जाने के लिए कर बुक की थी। हम 5 लोग जा रहे थे। मेरे पीछे बैठे अब्बी ठाकुर ने अचानक गालियां देना शुरू कर दीं और जबरन कार रुकवाई और उसके बाद मेरे हाथ में चाकू मार दिया। बीच बचाव करने के लिए जब कार में मौजूद दोस्त नीलेश अहिरवार ने अब्बी को रोका तो उसने नीलेश के पेट में चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी अब्बी, मनीष ठाकुर और उसका एक और साथी वहां से खेतों के रास्ते भाग गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस दोनों घायलों को तेजगढ़ स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। यहां नीलेश की हालत गंभीर होने पर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, वहीं आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।


