फरीदकोट मॉडर्न जेल पहुंची मंत्री बलजीत कौर:बोलीं- कैदी महिलाओं के बच्चों के लिए खोलेंगे क्रैच, आंगनवाड़ी की तरह मिलेगा पोषण आहार

फरीदकोट में शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री डॉ बलजीत कौर ने केंद्रीय मॉडर्न जेल का दौरा किया और जेल में बंद महिलाओं के साथ मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कैदी महिलाओं के बच्चों के लिए जेल में क्रैच खोले जाएंगे। उन्हें आंगनवाड़ी की तरह पोषण आहार दिया जाएगा। मंत्री डॉ बलजीत कौर ने बताया कि महिला व बाल विकास ने जेलों में बंद महिलाओं व उनके बच्चों को मुख्य धारा में शामिल करने की मुहिम का आगाज किया है। जिसके तहत उन्होंने पहले चरण में फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में बंद महिलाओं और उनके बच्चों के साथ मुलाकात की है और आने वाले दिनों में राज्य की अन्य जिलों में भी दौरा करके महिला कैदियों व उनके साथ रह रहे बच्चों के हालात को जानने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने बताया कि किसी न किसी कारण की वजह से अपराध की दुनिया में आई इन महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। जिसके तहत उनके साथ रह रहे उनके बच्चों के पोषण व पढ़ाई का भी ध्यान रखा जाएगा। जेल में बंद महिलाओं के बच्चों को आंगनवाड़ी सेंटरों के बच्चों की तरह पोषण मुहैया कराया जाएगा। महिला कैदियों के बच्चों के लिए जेल में खोलेंगे क्रैच- मंत्री कैबिनेट मंत्री डॉ बलजीत कौर ने कहा कि जेल विभाग द्वारा कैदियों व उनके बच्चों को पढ़ाई करवाने के लिए शिक्षक भी रखे जा रहे हैं। उनके विभाग की भी योजना है कि जेलों में बंद महिलाओं के बच्चों के लिए जेल के अंदर ही क्रैच खोले जाए जिसकी शुरुआत फरीदकोट जेल से की जाएगी। महिला कैदियों को कपड़े बांटे इस मौके पर विभागीय अधिकारियों समेत एसएसपी डॉ प्रज्ञा जैन, जिला पुलिस व जेल के आला अधिकारी भी साथ रहे। इस दौरान उन्होंने जेल में महिला कैदियों द्वारा आयोजित सभ्याचारक कार्यक्रम में भाग लिया और इन महिलाओं व उनके बच्चों को गर्म कपड़े व अन्य सामान भी वितरित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *