टीकमगढ़ में अतिक्रमण के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने चलाया अभियान:सड़क पर रखा दुकानदारों का सामान किया जब्त

टीकमगढ़ शहर में सड़क पर फैले अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाया। कलेक्ट्रेट से लेकर सिंधी धर्मशाला और मुख्य बाजार में पुलिस ने भ्रमण कर सड़क पर रखा दुकानदारों का सामान जब्त किया। ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। दरअसल, शहर के मुख्य चौराहों और सड़कों पर दुकानदारों ने अस्थाई अतिक्रमण कर रखा है। अस्पताल चौराहा, स्टेट बैंक चौराहा, कटरा बाजार, स्टेट बैंक से नायकों का मोहल्ला, जवाहर चौक, नजाई मंडी, पपौरा चौराहा के पास दुकानदार अपनी दुकानों का सामान सड़क पर फैलाकर रख देते हैं। अधिकांश दुकानदारों ने टीन शेड लगाकर अस्थाई कच्चा अतिक्रमण कर लिया है। जिससे इन स्थानों पर दिन में बाइक से निकलना मुश्किल हो जाता है। सड़क पर फैले अतिक्रमण के कारण शहर के मुख्य बाजार में आए दिन जाम लग रहा है। बिगड़ती यातायात व्यवस्था के चलते आज ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाया। सड़क पर रखा सामान किया गया जब्त यातायात प्रभारी निरीक्षक कैलाश पटेल ने बताया कि दुकानदारों को बार-बार सड़क पर समान नहीं रखने की हिदायत दी जा रही है। इसके बाद भी ज्यादातर दुकानदार साइन बोर्ड सहित अन्य सामान सड़क पर फैला कर रख देते हैं। आज एसडीओपी राहुल कटरे के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट से लेकर अस्पताल चौराहा, अस्पताल चौराहा से लेकर सिंधी धर्मशाला और मुख्य बाजार में भ्रमण कर सड़क पर रखा दुकानदारों का सामान जप्त किया गया है। इस दौरान दुकानदारों को दोबारा सड़क पर सामान नहीं रखने की हिदायत दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *