भरतपुर के रुदावल थाना इलाके में चोरों ने सरकारी स्कूल पर धावा बोल दिया। स्कूल में शीतकालीन अवकाश चल रहा है। ऐसे में बंद स्कूल के ताले तोड़कर चोर घुसे और जमकर तोड़फोड़ की। 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक स्कूल का शीतकालीन अवकाश है। शुक्रवार को एक स्टूडेंट ने स्कूल के ऑफिस का दरवाजा खुला देखा तो उसने टीचर को फोन कर घटना की सूचना दी। मामला रुदावल थाना इलाके के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोरोली डांग गांव का है। टीचर विष्णु कुमार ने रुदावल पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि स्टूडेंट सुमित ने फोन कर प्राचार्य कक्ष खुला होने की सूचना दी थी। सूचना पर टीचर हुकुम सिंह भंडारी, विष्णु कुमार, नथोलाराम राजपूत स्कूल पहुंचे। गांव के लोगों की मौजूदगी में स्कूल को खोला गया तो प्रिंसिपल के ऑफिस का दरवाजा टूटा हुआ था। ऑफिस से बैटरी, लैपटॉप, इन्वर्टर, प्रिंटर गायब थे। क्लास और ऑफिस में तोड़फोड़ की हुई थी। क्लास के गेट टूटे हुए थे। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इनपुट- विशेष गर्ग, रुदावल, भरतपुर


