कोडरमा के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराणा प्रताप चौक पर अज्ञात बस की चपेट में आने से साइकिल सवार एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल कोडरमा ले जाया गया। घायल की पहचान झुमरी निवासी प्रयाग यादव (80) के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्रयाग यादव झुमरीतिलैया शहर के माइका गली में माइका की कटिंग करते हैं। वे अपना कार्य कर वापस अपने घर झुमरी जा रहे थे। इसी बीच महाराणा प्रताप चौक पर एक अज्ञात बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इससे उनका एक पैर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच ड्राइवर बस लेकर वहां से फरार हो गया। इधर, स्थानीय लोगों ने उन्हें निजी वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया।
डेंजर जोन बनता जा रहा है महाराणा प्रताप चौक
महाराणा प्रताप चौक से ही झुमरीतिलैया शहर में प्रवेश किया जाता है और इसी चौक से शहर के लोग कोडरमा की ओर जाते और आते हैं। ऐसे में जब से यहां पर एनएच का चौड़ीकरण होकर फोरलेन का निर्माण हुआ है, तब से आए दिन यहां सड़क हादसे होते रहते हैं। धीरे-धीरे यह डेंजर जोन बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने कई बार यहां पर अंडर पास के निर्माण की मांग की है पर कोई इस ओर ध्यान नहीं देता।


