नियंत्रक एवं महा-लेखापरीक्षक (CAG) संस्था के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में देशभर में 16 नवंबर से ऑडिट दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में जयपुर में 30 नवंबर को ऑडिट रन का आयोजन किया जाएगा। राजस्थान के प्रधान महालेखाकार सतीश कुमार गर्ग ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस रन का उद्देश्य फिटनेस के साथ-साथ पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी का संदेश देना है। गर्ग ने बताया- यह दौड़ एजी ऑफिस से शुरू होकर एसएमएस स्टेडियम तक जाएगी और वापस एजी ऑफिस पर समाप्त होगी। इसकी कुल दूरी करीब तीन किलोमीटर होगी। आयोजन में 18 वर्ष से ऊपर का कोई भी व्यक्ति शामिल हो सकता है। भागीदारी के लिए पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर पंजीकरण किया जा रहा है। इसके लिए लिंक CAG वेबसाइट पर उपलब्ध है। भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट दी जाएगी, जबकि पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वालों को मेडल प्रदान किए जाएंगे। युवाओं में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया उन्होंने बताया कि ऑडिट रन के साथ ही ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसमें लोग वेबसाइट के माध्यम से शामिल हो सकेंगे। इनके माध्यम से आम जनता में लेखा परीक्षण (ऑडिट) के महत्व को समझाने और युवाओं में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। सीएजी के आठ प्रमुख कार्यालय संचालित हो रहे प्रधान महालेखाकार ने बताया कि जयपुर में सीएजी के आठ प्रमुख कार्यालय संचालित हो रहे हैं। जहां राज्य सरकार, केंद्र सरकार, रेलवे, दूरसंचार और विभिन्न विभागों का ऑडिट कार्य होता है। इसके अलावा विभाग क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण और निरीक्षण से जुड़े कार्य भी नियमित रूप से करता है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही सुशासन की नींव हैं। इस संदेश को समाज तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनभागीदारी जरूरी है। इस दौरान गर्ग ने आमजन, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और युवाओं से ऑडिट रन में भाग लेने की अपील की।


