खंडवा सांसद के साथ भाजपा नेता और विधायकों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। उन्होंने सीएम से निमाड़ को संभाग बनाने और मुख्यालय खंडवा रखने की मांग की। खरगोन की अपेक्षा खंडवा के पक्ष में खूबियां भी गिनाई। बता दें कि, दो दिन पहले खरगोन सांसद ने भी इसी विषय को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। खरगोन सांसद गजेंद्र पटेल ने सीएम से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कर दी। लिखा कि सीएम से निमाड़ संभाग का मुख्यालय खरगोन किए जाने की मांग की हैं। इसी पोस्ट पर खंडवा के लोगों ने सोशल मीडिया पर स्थानीय नेताओं को घेर लिया। सांसद, विधायकों की सक्रियता पर सवाल उठाएं। जिसके बाद शुक्रवार को खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल भोपाल पहुंचे और सीएम से मुलाकात की। बताया कि खंडवा जिले में ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग प्रसिद्ध तीर्थस्थल है। यहां पर्यटन स्थल में हनुवंतिया, सैलानी आदि हैं। इंदिरा सागर के साथ क्षेत्र में दो ताप विद्युत परियोजना, दो जल विद्युत परियोजना एवं अन्य स्थानों पर सोलर ऊर्जा से विद्युत उत्पादन हो रहा है। निमाड़ का एकमात्र मेडिकल कॉलेज खंडवा में हैं। रेलवे का जंक्शन, नेशनल हाईवे समेत कई उपलब्धियां गिनाई। इस दौरान खंडवा विधायक कंचन तनवे, मांधाता विधायक नारायण पटेल, पंधाना विधायक छाया मोरे, नेपानगर विधायक मंजू दादू, भाजपा नेता अरुणसिंह मुन्ना, मुकेश तनवे, चंद्रेश पचौरी आदि मौजूद थे।


