मुरैना की स्टेशन रोड थाना पुलिस ने एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले सात साल से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे अंबah रोड स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास से घेराबंदी कर पकड़ा। उसके पास से एक कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। आरोपी छतरपुर जिले में लूट की वारदात में वांटेड था और किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने शातिर बदमाश जयवीर गुर्जर (42 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जो मुरैना के विंडवा गांव का रहने वाला है। आरोपी पॉलिटेक्निक कॉलेज की बाउंड्री के पास छिपा हुआ था। एक स्थानीय व्यक्ति ने उसे संदिग्ध हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उसे दबोच लिया। तलाशी में मिला लोडेड कट्टा
पुलिस ने जब पकड़े गए आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से एक कट्टा और जिंदा कारतूस मिला। थाने लाकर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम जयवीर गुर्जर बताया। छतरपुर लूट कांड में थी तलाश
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी छतरपुर जिले के बकस्वाहा थाने से लूट के मामले में फरार चल रहा है। मुरैना पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की सूचना छतरपुर पुलिस को दे दी है। 14 संगीन अपराध दर्ज, आर्म्स एक्ट भी लगा
स्टेशन रोड थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी जयवीर सिंह गुर्जर पर छतरपुर और मुरैना के विभिन्न थानों में कुल 14 संगीन अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने अब अवैध हथियार रखने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एक और नया मामला दर्ज कर लिया है। 7 साल से पुलिस को दे रहा था चकमा
स्टेशन रोड थाना प्रभारी कुलदीप राजपूत ने बताया कि आरोपी जयवीर गुर्जर की पुलिस को पिछले सात साल से तलाश थी। वह मुरैना के अलावा छतरपुर जिले में भी वांछित था।


