पन्ना-छतरपुर रोड पर ट्रक-बाइक की टक्कर में एक की मौत:एक गंभीर घायल, शादी में जा रहे थे दोनों चचेरे भाई

पन्ना-छतरपुर मार्ग पर 25-26 नवंबर की दरमियानी रात एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों छतरपुर से पन्ना में एक शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। मृतक की पहचान छतरपुर जिले के रगौली निवासी अर्जुन कुशवाहा (27) पुत्र रामदयाल कुशवाहा के रूप में हुई है। घायल युवक विकास उर्फ विक्की कुशवाहा (22) पुत्र दीना कुशवाहा, छतरपुर डेरी रोड का निवासी है। यह जानकारी मृतक के छोटे भाई अरुण कुशवाहा ने दी। हादसा मनौर के पास हुआ, जब पन्ना से छतरपुर की ओर जा रहे एक ट्रक (क्रमांक डीडी-01, आर-9012) ने सामने से आ रही उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक सहित सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल घायलों को पन्ना जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान अर्जुन कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर के अनुसार, विकास कुशवाहा के हाथ, पैर और पसलियों में फ्रैक्चर हैं, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पन्ना से रीवा रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतक अर्जुन कुशवाहा के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अर्जुन कुशवाहा मजदूरी का काम करता था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *