विदिशा जिले में शराब दुकान पर हुए विवाद के बाद युवक की मौत के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 23 नवंबर की रात करारिया थाना क्षेत्र के चितोरिया जोड़ स्थित देशी शराब दुकान पर हुई थी, जहां शराब खरीदने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों से हमला हो गया। ताजखजूरी निवासी राजकुमार रघुवंशी अपने साथी देवेंद्र रघुवंशी और दुर्गेश रघुवंशी के साथ शराब खरीदने के लिए दुकान पहुंचे थे। यहां शराब देने की बात पर दुकान के मैनेजर रामू राय और अन्य कर्मचारियों से विवाद हो गया। दोनों तरफ बहस बढ़ी, जिसके बाद दुकान के मैनेजर और उसके साथियों ने तीनों युवकों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। तीन युवक गंभीर रूप से घायल, एक की मौत हमले में राजकुमार, देवेंद्र और दुर्गेश गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान राजकुमार की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या की धारा में बदलकर जांच तेज की। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी रोहित काशवानी ने एक विशेष टीम बनाई। टीम में कोतवाली, गुलाबगंज, पुलिस लाइन और साइबर सेल की संयुक्त टीम शामिल थी। टीम ने लगातार छापेमारी कर आरोपियों को अलग-अलग ठिकानों से पकड़ा। पांच आरोपी गिरफ्तार हुए पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को पकड़ा है, उनमें रामू राय निवासी चाटौली, मनीष बेडिया निवासी दुलई, विक्की जैसवाल निवासी भदोही (यूपी), शैलेंद्र रघुवंशी निवासी सांकलखेड़ा और संजय मिश्रा उर्फ मंटू निवासी भोजपुर शामिल है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी वारदात के बाद छिपने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें तकनीकी और मैदानी दोनों तरह से तलाशकर गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। शराब दुकान के स्टाफ, बिक्री से जुड़े सिस्टम और मौके के वीडियो फुटेज भी जांच में शामिल किए जा रहे हैं।


